
सहारनपुर। सहारनपुर में एआईएमआईएम प्रमुख एवं हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने का मामला चर्चा में है। खास बात यह है कि जिस सम्मान की तैयारी सुप्रीम कोर्ट के एक न्यायाधीश के स्वागत के लिए की गई थी, वह पुलिसकर्मियों ने गलती से ओवैसी को दे दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह सहारनपुर के सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के एक न्यायाधीश के आगमन को लेकर पुलिस विभाग ने गार्ड ऑफ ऑनर की व्यवस्था की थी। पुलिसकर्मी निर्धारित स्थान पर पूरी तैयारी के साथ मौजूद थे। इसी बीच एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी अपने काफिले के साथ सर्किट हाउस पहुंच गए। बताया जा रहा है कि ओवैसी के पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें ही निर्धारित सम्मान देना शुरू कर दिया।
पुलिसकर्मियों को गार्ड ऑफ ऑनर देते देख ओवैसी भी सम्मानपूर्वक खड़े हो गए और सलामी स्वीकार की। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर जब उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कहा कि उन्हें इस संबंध में पहले से कोई जानकारी नहीं थी। उनसे जब खड़े होने के लिए कहा गया तो वह खड़े हो गए।
ओवैसी के इस जवाब के बाद यह स्पष्ट हुआ कि उनके स्तर से किसी विशेष सम्मान की मांग किए जाने की बात सामने नहीं आई है। पूरा मामला पुलिसकर्मियों की ओर से हुई पहचान और प्रोटोकॉल संबंधी चूक से जुड़ा बताया जा रहा है।
घटना के बाद चर्चा का केंद्र ओवैसी को दिया गया सम्मान नहीं, बल्कि पुलिस प्रशासन की व्यवस्था और समन्वय बन गया है। सवाल उठ रहे हैं कि जब गार्ड ऑफ ऑनर किसी न्यायाधीश के लिए निर्धारित था तो संबंधित पुलिसकर्मियों ने अतिथि की पहचान सुनिश्चित किए बिना सलामी कैसे दे दी?
गौरतलब है कि ओवैसी सहारनपुर दौरे पर आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद के साथ पहुंचे थे। दोनों नेताओं का संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस का कार्यक्रम भी प्रस्तावित था, हालांकि बाद में यह कार्यक्रम रद्द हो गया। इसके बाद दोनों सांसद जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और कलेक्ट्रेट परिसर की मस्जिद से जुड़े मामले तथा जारी नोटिसों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
फिलहाल ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस पूरे प्रकरण में ओवैसी का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी और पुलिसकर्मियों के कहने पर वह सम्मान स्वीकार करने के लिए खड़े हुए थे।





Leave a comment