Pratapgarh थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में प्रतापगढ़ पुलिस ने रंगदारी मांगने और जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, 9 फरवरी को कोतवाली देहात क्षेत्र के श्रीकांत का पुरवा गांव में एक युवक के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर देने और परिवार से रंगदारी मांगने की शिकायत पुलिस को दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलेन्द्र लाल, क्षेत्राधिकारी नगर प्रशान्त राज और थाना प्रभारी पुष्पराज के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय रूप से आरोपी की तलाश में जुटी थी।
इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी अपने घर के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और आरोपी विपिन तिवारी उर्फ पिंटू को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे विधिक कार्रवाई के लिए थाने लाया गया, जहां आवश्यक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेजा गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई मामलों में नामजद रह चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में राहत का माहौल है और लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में जीवन यापन कर सकें।







