होली से पहले प्रतापगढ़ में दो युवकों ने उठाया खौफनाक कदम, एक की मौत, दूसरे की हालत स्थिर
प्रतापगढ़ जिले में होली से ठीक पहले की रात आत्महत्या के दो अलग-अलग मामलों से इलाके में सनसनी फैल गई। ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत गड़वारा इलाके में दो युवकों ने फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की। इनमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को समय रहते बचा लिया गया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पहली घटना नगर पंचायत गड़वारा क्षेत्र के शिवराजपुर डिहवा गांव की है। यहां रहने वाले विमल सिंह ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। परिवार के लोगों ने तत्काल फंदा काटकर विमल को नीचे उतारा और आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
दूसरी घटना नगर पंचायत गड़वारा के चौरा मोहल्ले की है, जहां 22 वर्षीय मंजीत सोनी पुत्र पूर्णमासी सोनी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों ने उसे फंदे से लटका देखा तो घर में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। बताया जा रहा है कि करीब एक माह पहले ही मंजीत के पिता पूर्णमासी सोनी का निधन हो गया था। पिता की मौत के बाद से वह गहरे मानसिक तनाव में था। परिजनों के अनुसार वह पहले भी कई बार आत्महत्या की कोशिश कर चुका था।
सूचना मिलने पर अंतू थाना क्षेत्र की आरटीओ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों घटनाओं ने क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।






