प्रतापगढ़। जिले की नगर कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला तब सामने आया जब फतनपुर थाना क्षेत्र के पूरे गौरा बादल गांव का रहने वाला एक युवक अपने रिश्तेदार को ट्रेन पकड़वाने के लिए प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन आया था। युवक ने अपनी मोटरसाइकिल स्टेशन के पास खड़ी कर दी थी। इसी दौरान अज्ञात चोर उसकी मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गए। जब युवक वापस लौटा तो बाइक गायब देखकर उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने तुरंत नगर कोतवाली पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की और रेलवे स्टेशन व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद साजिद (20 वर्ष), शिवम बाल्मीकि (22 वर्ष) और हरिकेश को उनके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी शिवम बाल्मीकि के खिलाफ पहले से ही तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस पूछताछ में मोहम्मद साजिद और शिवम बाल्मीकि ने कई अहम खुलासे किए। उन्होंने बताया कि उनका चार लोगों का एक गिरोह है, जो अलग-अलग इलाकों में खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था। गिरोह के सदस्य भीड़भाड़ वाले स्थानों, रेलवे स्टेशन और बाजारों में खड़ी बाइक पर नजर रखते थे और मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर लेते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को यह लोग सस्ते दामों पर बेच देते थे और उसी पैसे से अपना खर्च चलाते थे।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद मोटरसाइकिलों में से एक को 20 फरवरी 2026 की रात बाबागंज क्षेत्र से चुराया गया था, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल 7 मार्च को प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन के पास से चोरी की गई थी। इसके अलावा काफी समय पहले प्रयागराज रेलवे स्टेशन के पास से भी एक मोटरसाइकिल चोरी की गई थी, जिसे गिरोह ने अपने पास छिपाकर रखा था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस खजुरनी पुलिया के नीचे छिपाकर रखी गई दो मोटरसाइकिलें बरामद करने पहुंची। इसी दौरान वहां उनके दो साथी हरिकेश उर्फ भोटू और सलमान भी मौजूद थे। पुलिस को देखते ही दोनों अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
हालांकि पुलिस ने बाद में फरार आरोपी हरिकेश उर्फ भोटू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य सलमान अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने अन्य किन-किन जगहों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में और भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी की तलाश जारी है।







