प्रतापगढ़। जनपद में महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में मानिकपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील कुमार (32 वर्ष) निवासी मौर्य नगर मऊदारा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का पीड़िता के साथ पहले से परिचय था। इसी संबंध का फायदा उठाकर उसने शादी का झूठा वादा किया और लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब पीड़िता को सच्चाई का एहसास हुआ तो उसने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर धरौली रोड स्थित गंगादीन मौर्या की दुकान के पास से आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता का संदेश गया है और लोगों ने राहत की सांस ली है।







