प्रतापगढ़। जनपद के थाना सांगीपुर क्षेत्र में गैर-इरादतन हत्या के एक गंभीर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 3 अप्रैल 2026 का है, जब ग्राम मुरैनी की निवासी महिला अपने घर के बाहर बैठी थी। उसी दौरान आरोपित लाठी-डंडा लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर परिजनों को भी बेरहमी से पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए घर का सामान तोड़कर मौके से फरार हो गए।
इस मामले में थाना सांगीपुर में मुकदमा संख्या 64/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय व क्षेत्राधिकारी लालगंज आशुतोष मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी गौरव त्रिवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश दी।
पुलिस ने राजमतीपुर मट्टन नाला पुल के पास से सूरज वर्मा (22 वर्ष) निवासी मुरैनी, वीरेन्द्र वर्मा (30 वर्ष) निवासी किशुनपुर थाना डीह, रायबरेली तथा एक अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तीन लाठी-डंडे भी बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में सामने आया कि आपसी विवाद के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस का कहना है कि मारपीट के दौरान हुई गंभीर चोटों के कारण मामला गैर-इरादतन हत्या की श्रेणी में दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार समेत पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







