प्रतापगढ़। जिले में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोहंडौर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 अवैध देशी बम, चोरी की मोटरसाइकिल, एक अन्य पल्सर बाइक और तीन एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलेन्द्र लाल और क्षेत्राधिकारी नगर प्रशांत राज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी धनंजय राय के नेतृत्व में टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आवले की बगिया के पास नहर पटरी, ग्राम बरासराय के समीप घेराबंदी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में नीरज यादव (19), अभिषेक गौतम उर्फ शेखर (27), शुभम गौतम (19) और अंश मौर्य (17) शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वे सुनसान स्थानों पर राहगीरों को रोककर बम दिखाकर डराते थे और उनसे मोबाइल व नगदी लूट लेते थे। लूट से मिले पैसे को वे अपने शौक और खर्च में इस्तेमाल करते थे।
बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में जांच करने पर पता चला कि वह अमेठी जनपद के रामगंज थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसके संबंध में पहले से मुकदमा दर्ज है। इस मामले में थाना कोहंडौर में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक जनार्दन प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक प्रतीक सिंह, कांस्टेबल मनीष यादव, पुष्पेंद्र यादव, अवधेश यादव और चालक हेड कांस्टेबल अनिल यादव की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।







