प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में किन्नर समाज के दो गुटों के बीच चल रहा विवाद रविवार को हिंसक झड़प में बदल गया। कछरा पुल के पास एक घर में बधाई देने पहुंची काजल किन्नर पर अचानक हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मामला फिर से पुलिस के सामने पहुंच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, काजल किन्नर, जो पारो किन्नर के समूह से जुड़ी बताई जा रही हैं और गौरा पूरे बदल थाना फतनपुर की निवासी हैं, रविवार को एक घर में बधाई देने के लिए गई थीं। पीड़िता का आरोप है कि जैसे ही वह कछरा पुल के पास पहुंचीं, वहां पहले से मौजूद मुस्कान किन्नर अपने दर्जनों साथियों के साथ घात लगाए बैठी थीं। आरोप है कि काजल के पहुंचते ही सभी ने मिलकर उन पर हमला बोल दिया।
हमले के दौरान काजल किन्नर के साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गईं। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने बधाई में मिले करीब 5600 रुपये नकद, ढोलक और अन्य सामान भी छीन लिया। घटना के बाद किसी तरह वहां से निकलकर काजल ने अपने साथियों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पारो किन्नर अपने दर्जनों साथियों के साथ रानीगंज थाने पहुंचीं और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। थाने पर कुछ समय के लिए भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
बताया जा रहा है कि इस पूरे विवाद की जड़ एक दिन पहले यानी शनिवार को हुई कहासुनी है। जानकारी के अनुसार, पारो किन्नर (गौरा, प्रतापगढ़) और मुस्कान किन्नर (प्रयागराज) के बीच क्षेत्राधिकार यानी सीमा को लेकर विवाद हुआ था। मामला रानीगंज थाने तक पहुंचा था, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया था और मामला रफा-दफा करा दिया गया था।
हालांकि, अगले ही दिन फिर से हुए इस हमले ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शनिवार को हुए विवाद में सख्त कार्रवाई की जाती, तो रविवार की यह घटना शायद टल सकती थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।
इस घटना ने एक बार फिर किन्नर समाज के बीच चल रहे आंतरिक विवाद और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई को उजागर कर दिया है, जो अब हिंसक रूप लेती जा रही है।







