Home अपराध नाबालिग को चौकी ले जाकर पिटाई, 5 हजार की उगाही और एनकाउंटर...

नाबालिग को चौकी ले जाकर पिटाई, 5 हजार की उगाही और एनकाउंटर की धमकी! प्रतापगढ़ में सिपाहियों पर महिला के सनसनीखेज आरोप

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़ में सिपाहियों पर गंभीर आरोप, महिला ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

प्रतापगढ़। जनपद के कंधई थाना क्षेत्र से पुलिस कर्मियों पर गंभीर आरोप लगने का मामला सामने आया है। पीड़िता सदरून निशा पत्नी गुलाम हुसैन निवासी ग्राम गुतौली ने पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ को शिकायती पत्र देकर चौकी के दो सिपाहियों पर मारपीट, गाली-गलौज, धन उगाही और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।

पुलिस अधीक्षक से मिल पीड़िता ने दिया प्रार्थना पत्र

पीड़िता के अनुसार 10 मई 2026 को बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विपक्षी पक्ष द्वारा चौकी पर फोन करने के बाद चौकी के सिपाही राजेश और संतोष यादव मौके पर पहुंचे और उसके नाबालिग बेटे महफूज को पकड़कर चौकी ले गए। महिला का आरोप है कि चौकी ले जाने के बाद उसके बेटे के साथ मारपीट की गई और परिवार को अपशब्द कहे गए।

शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि सिपाहियों ने मामले को दबाने के नाम पर 5000 रुपये की मांग की और रकम लेने के बाद देर रात मां-बेटे को छोड़ा गया। पीड़िता का कहना है कि आरोपित पुलिसकर्मी लगातार फोन कर दोबारा रुपये मांग रहे हैं तथा रुपये न देने पर छेड़खानी और गोहत्या जैसे गंभीर मामलों में फंसाकर एनकाउंटर कराने की धमकी दे रहे हैं।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका भाई जो टेंपो चालक है, उसकी गाड़ी सड़क पर न चलने देने की धमकी दी जा रही है। इतना ही नहीं, आरोप है कि पुलिसकर्मी घर पहुंचकर गाली-गलौज करते हैं और परिवार की महिलाओं व जवान बेटी को भी परेशान किया जाता है।

पीड़िता ने अपने शिकायती पत्र में दावा किया है कि पिछले दो वर्षों से उसका परिवार मानसिक प्रताड़ना झेल रहा है और पहले भी अधिकारियों को शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब महिला ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

Leave a Reply