Home अपराध मेडिकल परीक्षण के दौरान बवाल, आरोपी को जीप से खींचने की कोशिश

मेडिकल परीक्षण के दौरान बवाल, आरोपी को जीप से खींचने की कोशिश

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png


प्रतापगढ़ के पट्टी कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म, अपहरण से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और लड़की को बरामद कर लिया गया है। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अस्पताल और थाने परिसर में काफी देर तक तनाव और हंगामे की स्थिति बनी रही।


मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब छह महीने पहले आरोपी ने उसे मिलने के लिए अपनी दुकान पर बुलाया था। आरोप है कि वहां उसे कोल्ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। लड़की का आरोप है कि बेहोशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया।
पीड़िता के अनुसार, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा। उसने आरोप लगाया कि बीते करीब छह महीनों के दौरान आरोपी ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी उसे अपने साथ लेकर पहले अयोध्या और फिर दिल्ली पहुंचा। लड़की का आरोप है कि दिल्ली में उसे बेच दिया गया, जहां उसे नशीले पदार्थ दिए गए और कई लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।


बताया जा रहा है कि पीड़िता ने किसी तरह अपनी मां से फोन पर संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी। बेटी की सूचना मिलने के बाद मां ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पीड़िता को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया।


उधर, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस मेडिकल परीक्षण के लिए उसे अस्पताल लेकर पहुंची तो वहां हिंदू संगठन से जुड़े कई कार्यकर्ता पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने आरोपी पर लव जिहाद का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला गरमा गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
आरोप है कि 20 से अधिक कार्यकर्ताओं ने आरोपी को पुलिस की जीप से नीचे खींचने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। पुलिस ने किसी तरह आरोपी को वहां से सुरक्षित निकालकर थाने पहुंचाया।


हालांकि इसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ और कार्यकर्ता थाने पहुंचकर नारेबाजी तथा हंगामा करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाया और आरोपी को सुरक्षित हवालात में पहुंचाया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही पीड़िता द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों और कथित रूप से शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply