अवैध तमंचे के साथ हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, थाना प्रभारी राकेश चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस को मिली सफलता
प्रतापगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना आसपुर देवसरा पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध देशी तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। इस कार्रवाई को थाना प्रभारी राकेश चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के मरगूपुर गांव में खेत में खड़े बबूल के पेड़ को काटने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ था। विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप धारण कर लिया। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई, जिसमें आदर्श सरोज ने विजय सरोज के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य परिजनों के साथ भी लाठी-डंडे और धारदार हथियार से मारपीट की गई। घटना के बाद आरोपी मौके से अवैध तमंचा लहराते हुए फरार हो गया था।
घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना आसपुर देवसरा में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार तथा क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार रघुवंशी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी राकेश चौरसिया ने पुलिस टीम को सक्रिय किया।
थाना प्रभारी राकेश चौरसिया के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जयकिशुन यादव, उपनिरीक्षक संजय कुमार और कांस्टेबल कैलाश यादव लगातार क्षेत्र में निगरानी, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटे हुए थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के सेतापुर प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित बाग से आरोपी आदर्श सरोज को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध 315 बोर देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।
क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई को लेकर थाना प्रभारी राकेश चौरसिया की कार्यशैली की चर्चा भी क्षेत्र में हो रही है। लगातार अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने और त्वरित कार्रवाई करने के कारण पुलिस की सक्रियता लोगों के बीच विश्वास बढ़ा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।







