पट्टी पुलिस को बड़ी सफलता, 10 हजार का इनामी समेत 2 शातिर अपराधी अवैध असलहे और कार संग गिरफ्तार
फायरिंग, धमकी और रंगदारी के मामलों में वांछित थे दोनों, क्रेटा कार और 2 तमंचे बरामद
प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता मिली। थाना पट्टी और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में गंभीर आपराधिक वारदातों में वांछित 2 शातिर अपराधी गिरफ्तार किए गए। आरोपियों के पास से 2 तमंचे .315 बोर, 2 खोखा कारतूस और एक क्रेटा कार बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार और क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पट्टी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बीबीपुर नहर पुलिया के पास से दोनों को दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुशुशंकर मिश्रा उर्फ कुशु मिश्रा निवासी अकारीपुर तिवरान, थाना आसपुर देवसरा और विजय कुमार मिश्रा उर्फ छोटू निवासी सौराई, थाना आसपुर देवसरा के रूप में हुई है। विजय कुमार मिश्रा पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
किन मामलों में थे वांछित
पुलिस के मुताबिक, कुशुशंकर मिश्रा मु0अ0सं0 27/26 धारा 3(5)/288/352/351(3)/109(1) बीएनएस थाना पट्टी से संबंधित है। वहीं विजय कुमार मिश्रा उर्फ छोटू उक्त मामले के अलावा मु0अ0सं0 99/2026 धारा 191(2)/191(3)/190/324(2)/308(5)/352/351(3)/288 बीएनएस में भी वांछित था।
पहला मामला 25 जनवरी 2026 का है, जिसमें शिव कुमार पाण्डेय ने आरोप लगाया था कि दो मोटरसाइकिलों पर आए लोगों ने घर के बाहर फायरिंग कर जान से मारने की धमकी दी। दूसरा मामला 25 मार्च 2026 का है, जिसमें एक दुकानदार ने आरोप लगाया कि 5 अज्ञात लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ कर उसके भाई को जान से मारने की धमकी देते हुए 10 हजार रुपये मांगे और हवाई फायरिंग की।
बरामदगी और कार्रवाई
कुशंकर मिश्रा की निशानदेही पर 1 तमंचा .315 बोर और 1 खोखा कारतूस बरामद हुआ। इसी तरह विजय कुमार मिश्रा के पास से भी 1 तमंचा .315 बोर और 1 खोखा कारतूस मिला। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 बढ़ाई गई है। उनकी क्रेटा कार को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।
दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। इनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एससी/एसटी एक्ट और धोखाधड़ी जैसे मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम में उ0नि0 प्रकाश राय, अमित चौहान, रोहित यादव, सरनाम सिंह, स्पेशल टीम प्रभारी उ0नि0 विजेन्द्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।







