Home अपराध वर्दी पर दाग! महिला ने दरोगा पर लगाए सनसनीखेज आरोप

वर्दी पर दाग! महिला ने दरोगा पर लगाए सनसनीखेज आरोप

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। जिले के मान्धाता थाना में तैनात एक उपनिरीक्षक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़िता ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपी उपनिरीक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। महिला के आरोपों के बाद पुलिस विभाग में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी मुलाकात आरोपी उपनिरीक्षक से उस समय हुई थी, जब उसकी तैनाती भदोही जनपद में थी। महिला का आरोप है कि उपनिरीक्षक ने स्वयं को अविवाहित बताते हुए उससे नजदीकियां बढ़ाईं और शादी करने का वादा किया। आरोपी ने उसे भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही उससे विवाह करेगा।

महिला के अनुसार, शादी के वादे और भरोसे के कारण उसने आरोपी के साथ संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि 5 जून 2025 से वह वाराणसी के टकटकपुर इलाके में आरोपी के साथ रहने लगी थी। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि आरोपी पहले से विवाहित है और उसके बच्चे भी हैं। इस सच्चाई के सामने आने के बाद महिला को गहरा मानसिक आघात पहुंचा।

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने आरोपी से इस संबंध में सवाल किया और विरोध जताया, तब आरोपी तथा उसके परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बावजूद आरोपी लगातार उसे फोन कर प्रतापगढ़ बुलाता रहा और शादी का झांसा देकर कई बार होटलों में शारीरिक संबंध बनाता रहा।

महिला ने दावा किया है कि आरोपी ने कई बार कसम खाकर उससे विवाह करने का वादा किया था। उसके पास ऐसे कुछ फोटो और अन्य साक्ष्य भी मौजूद हैं, जिनमें आरोपी शादी का आश्वासन देता दिखाई दे रहा है। पीड़िता का कहना है कि वह लंबे समय तक आरोपी के आश्वासनों पर भरोसा करती रही।

महिला के अनुसार, 17 जून 2026 को उसने एक बार फिर आरोपी से शादी के संबंध में बात की, लेकिन इस बार आरोपी ने साफ तौर पर शादी से इनकार कर दिया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी भी दी।

बुधवार को पीड़िता न्याय की उम्मीद लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और आरोपी उपनिरीक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की। उसने अपनी शिकायत के साथ कुछ दस्तावेज और साक्ष्य भी अधिकारियों को सौंपे हैं।

वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस मामले को लेकर जिले में चर्चाओं का दौर जारी है। पुलिस विभाग की छवि से जुड़े इस संवेदनशील प्रकरण पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं और सभी को जांच रिपोर्ट का इंतजार है।

Leave a Reply