प्रतापगढ़। फतनपुर थाना क्षेत्र में एक युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, गर्भवती होने पर उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भपात कराने तथा बाद में शादी से इनकार कर धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से जौनपुर निवासी मनीष यादव से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने युवती को प्रेम जाल में फंसाया और शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद वह गर्भवती हो गई। इस दौरान आरोपी उसे एक निजी अस्पताल ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भपात करा दिया गया। जब युवती ने विवाह करने का दबाव बनाया तो आरोपी ने शादी करने से इंकार कर दिया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर फतनपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार तथा क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी मनीष कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक सुनील कुमार गुप्ता, कांस्टेबल सुजीत यादव तथा आरक्षी यशवंत कन्नौजिया ने तारडीह प्राइमरी स्कूल के पास घेराबंदी कर आरोपी मनीष यादव को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष यादव पुत्र श्याम बहादुर यादव निवासी गोठांव थाना बरसठी जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मामले की विवेचना जारी है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।







