Home अपराध रंगदारी मांगने वाला 29 मुकदमों का हिस्ट्रीशीटर चढ़ा पुलिस के हत्थे

रंगदारी मांगने वाला 29 मुकदमों का हिस्ट्रीशीटर चढ़ा पुलिस के हत्थे

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने वाला 29 मुकदमों का हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, महिला का बैग और नकदी बरामद

प्रतापगढ़। जनपद के फतनपुर थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, जबरन वसूली, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट, आईटी एक्ट, एससी/एसटी एक्ट और गुंडा एक्ट समेत करीब 29 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीड़िता का लेडीज बैग, आधार कार्ड और 1260 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, थाना फतनपुर क्षेत्र के ग्राम अमरई निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 जून की रात उसके पड़ोसी अखिलेश पाण्डेय उर्फ मनोज पाण्डेय अपने एक साथी के साथ घर पहुंचा और स्वयं को थाना फतनपुर का “टॉप बदमाश” बताते हुए 10 हजार रुपये की रंगदारी मांगने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने महिला तथा उसके बेटे-बेटी को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपी महिला का पर्स लेकर फरार हो गया और पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।

शिकायत के आधार पर थाना फतनपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशांत राज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी मनीष कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बाबा गणेश दास मंदिर, गारापुर के पास से आरोपी अखिलेश पाण्डेय उर्फ मनोज पाण्डेय (45 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के सामने रंगदारी मांगने और महिला का पर्स लेकर भागने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उसने वारदात की योजना बनाई थी। पर्स में मिले 1900 रुपये में से कुछ रुपये खर्च कर दिए थे, जबकि शेष रकम उसके पास से बरामद हुई। आरोपी ने यह भी बताया कि पर्स को चांदपुर नहर पुलिया के पास झाड़ियों में फेंक दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है। वर्ष 1999 से लेकर 2026 तक उसके खिलाफ फतनपुर थाने में हत्या के प्रयास, डकैती, लूट, मारपीट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आईटी एक्ट, गुंडा एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट सहित कुल 29 मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजनाथ यादव, महिला मुख्य आरक्षी विमला देवी, कांस्टेबल आशुतोष तिवारी, देवेंद्र कुमार तथा रिजर्व कांस्टेबल सचिन पाण्डेय, अर्पित गुप्ता और अजय शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply