Home अपराध प्रतापगढ़ में जमीन विवाद बना खूनी संग्राम: घर में घुसकर परिवार पर...

प्रतापगढ़ में जमीन विवाद बना खूनी संग्राम: घर में घुसकर परिवार पर जानलेवा हमला

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

इलाज के दौरान 14 वर्षीय किशोर की मौत; गांव में तनाव, पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

रिपोर्टर मुदस्सिर मेंहदी टीपू प्रतापगढ़

प्रतापगढ़। जनपद के कंधई थाना क्षेत्र के कोनी गांव में वर्षों से चला आ रहा जमीन का विवाद बुधवार को उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब कथित तौर पर पड़ोसी पक्ष ने घर में घुसकर एक ही परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। कुल्हाड़ी, सरिया, लाठी और अन्य धारदार हथियारों से किए गए हमले में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें 14 वर्षीय किशोर प्रवेश पटेल की प्रयागराज में इलाज के दौरान मौत हो गई। किशोर की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, जिस जमीन को लेकर लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था, वही विवाद आखिरकार एक मासूम की जान पर भारी पड़ गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस एहतियात के तौर पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।

जानकारी के अनुसार, कोनी गांव निवासी पृथ्वीपाल पटेल का अपने पड़ोसियों के साथ जमीन के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। मामला तहसील में विचाराधीन बताया जा रहा है और दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे पृथ्वीपाल पटेल किसी कार्य से तहसील गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी परमीला देवी (45), पुत्र प्रवेश पटेल (14), इंद्रेश (11) और पुत्री प्रतिभा (16) मौजूद थे।

आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी पक्ष के लोग विवादित जमीन पर जबरन मेड़ बनाकर कब्जा करने की कोशिश करने लगे। जब परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। देखते ही देखते विवाद हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी, डंडे, सरिया, कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से परिवार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से परिवार के लोग संभल भी नहीं पाए और घर में चीख-पुकार मच गई।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोहंडौर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए सभी को जिला अस्पताल प्रतापगढ़ रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रवेश पटेल की हालत अत्यंत गंभीर बताई। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें होने के कारण उसे तत्काल प्रयागराज मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। परिजनों को उम्मीद थी कि बेहतर इलाज से उसकी जान बच जाएगी, लेकिन उपचार के दौरान किशोर ने दम तोड़ दिया। जैसे ही मौत की सूचना गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। मां परमीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता पृथ्वीपाल पटेल सदमे में हैं। गांव के लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

हमले में घायल परमीला देवी, प्रतिभा और इंद्रेश का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), क्षेत्राधिकारी पट्टी और कंधई थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य भी एकत्र किए हैं।

पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज रघुवंशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-छोटी बातों और जमीन के विवादों को यदि समय रहते सुलझाया न जाए तो वे कितनी बड़ी त्रासदी का रूप ले सकते हैं। एक परिवार ने अपना मासूम बेटा खो दिया, जबकि तीन अन्य सदस्य अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है। अब सभी की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर कब तक आरोपी कानून की गिरफ्त में आएंगे और पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा।

Leave a Reply