Home अपराध प्रेमिका की आत्महत्या मामले में प्रेमी गिरफ्तार, शादी से इनकार बना मौत...

प्रेमिका की आत्महत्या मामले में प्रेमी गिरफ्तार, शादी से इनकार बना मौत की वजह; दरोगा अमित सिंह की तत्परता से आरोपी दबोचा

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। जनपद के मानिकपुर थाना क्षेत्र में युवती को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना मानिकपुर पुलिस ने उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित सोनकर को ग्राम पाटीहार से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

पुलिस के अनुसार, मुबारकपुर पाटीहार निवासी युवक ने 4 अगस्त को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन का अमित कुमार सोनकर से कई वर्षों से प्रेम संबंध था और वह उससे विवाह करना चाहती थी। आरोप है कि अमित ने शादी से साफ इनकार कर दिया और उसके साथ अपमानजनक बातें कीं। इससे आहत होकर युवती 3 अगस्त को घर से निकल गई और करेंटी गंगा पुल से गंगा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।

मामले में थाना मानिकपुर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय एवं क्षेत्राधिकारी कुंडा शिव नारायण वैस के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि युवती उससे शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन उसने स्पष्ट इनकार कर दिया था। उसने यह भी बताया कि युवती ने जान देने की बात कही थी, जिस पर उसने गंभीरता नहीं दिखाई। बाद में आत्महत्या की जानकारी मिलने पर वह गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपता फिर रहा था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार दबिश देकर आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया। उनकी सक्रियता और पेशेवर कार्यशैली से पीड़ित परिवार को समय पर न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply