प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के पूरे गोलिया गांव में रास्ते के विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
बताया गया कि 29 जुलाई 2026 को रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया था। आरोप है कि अख्तर, अरबाज, रोशन, सलमान, गुफरान, शाहिद, सऊद, अफजल, अशरफ, शादाब, सुफियान और समा सहित अन्य लोग एकराय होकर विपक्षी के घर पहुँचे आरोपियों ने कुल्हाड़ी, धारदार हथियार और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना में अबरार के भतीजे शाहरुख और चचेरे भाई साजिद के सिर में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे मो. शोएब और आशमा बानो भी घायल हो गए। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल से प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया था।
मामले में रानीगंज थाने पर मुकदमा संख्या 365/2026 दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार और क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशान्त राज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार की टीम सक्रिय थी।
इसी क्रम में उपनिरीक्षक अंकित श्रीवास्तव ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर देल्हूपुर-रानीगंज-पहाड़पुर मार्ग से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुफरान उर्फ अब्दुल रज्जाक (29), रोशन (24) और अरबाज उर्फ शहजाद (28) निवासी पूरे गोलिया, थाना रानीगंज के रूप में हुई है।
पुलिस की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अंकित श्रीवास्तव की सक्रियता और टीम के सदस्य विकास की भूमिका की सराहना की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी बरामद की है। तीनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।







