Home अपराध सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी मामले में युवक गिरफ्तार, थाना प्रभारी राकेश...

सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी मामले में युवक गिरफ्तार, थाना प्रभारी राकेश चौरसिया की तत्परता से हुई कार्रवाई

Oplus_16908288
https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के विरुद्ध कथित तौर पर अभद्र एवं अशोभनीय टिप्पणी से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस की सक्रियता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर थाना प्रभारी राकेश चौरसिया की कार्यशैली की चर्चा रही।

पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने शिकायत देकर बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में धरौली गांव निवासी रविशंकर निषाद और अमित यादव द्वारा प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के विरुद्ध कथित रूप से आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच नाराजगी की स्थिति बनने लगी। शिकायतकर्ता ने रविशंकर निषाद पर धमकी देने का आरोप भी लगाया।

मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी राकेश चौरसिया ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और बुधवार को रविशंकर निषाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की उम्र करीब 46 वर्ष है और वह धरौली गांव का निवासी है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसके उत्तेजित होने तथा मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए उसे गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख

थाना प्रभारी राकेश चौरसिया की निगरानी में हुई इस कार्रवाई को क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली आपत्तिजनक सामग्री को लेकर पुलिस ने भी लोगों से संयम बरतने की अपील की है।

पुलिस ने कहा कि किसी भी व्यक्ति, संवैधानिक पदाधिकारी या समुदाय के विरुद्ध अभद्र, अशोभनीय अथवा भ्रामक सामग्री सोशल मीडिया पर पोस्ट, शेयर या फॉरवर्ड न की जाए। किसी वायरल वीडियो या पोस्ट की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे आगे प्रसारित करने से भी बचने की अपील की गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया के माध्यम से शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी राकेश चौरसिया की तत्परता से हुई कार्रवाई के बाद पुलिस ने क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया है।

Leave a Reply