प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा: शारदा सहायक नहर में नहाते समय तीन बच्चियां डूबीं, देर शाम तक जारी रहा सर्च ऑपरेशन
प्रतापगढ़। जनपद के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां शारदा सहायक खनवारी नहर में नहाने गईं तीन मासूम बच्चियां गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गईं। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई और देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक तीनों बच्चियों का कोई पता नहीं चल सका था।
जानकारी के अनुसार डांडिया गांव निवासी रामनरेश पटेल की दो पुत्रियां आंचल और रिया अपनी सहेली मोहिनी के साथ गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे शारदा सहायक खनवारी नहर में नहाने गई थीं। उनके साथ गांव की काजल और पड़ोसी हरिकृष्ण का पुत्र सतीश कुमार भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे नहर में स्नान कर रहे थे, तभी अचानक आंचल, रिया और मोहिनी गहरे पानी की ओर चली गईं। नहर में तेज बहाव होने के कारण तीनों बच्चियां संतुलन खो बैठीं और देखते ही देखते पानी में समा गईं।
बच्चियों के डूबने पर साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल नहर में उतरकर रस्सियों और जाल की मदद से तलाश शुरू कर दी, लेकिन बहाव तेज होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। घटना की जानकारी करीब तीन बजे परिजनों को मिली तो गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और माहौल गमगीन हो गया।
सूचना मिलते ही संग्रामगढ़ थाना अध्यक्ष मनोज कुमार तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा लालगंज और कुंडा से फायर सर्विस की टीमें भी पहुंचीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ लालगंज अभिषेक मिश्रा और कुंडा एसडीएम वाचस्पति सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से घटना की पूरी जानकारी ली और सर्च ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए।
देर शाम एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने नहर में कई स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया। पानी का बहाव अधिक होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही थीं। अधिकारियों के अनुसार लापता तीनों बच्चियों की उम्र लगभग 10 से 12 वर्ष के बीच है। सीओ अभिषेक मिश्रा ने बताया कि बच्चियां नहर में नहाते समय गहरे पानी में चली गईं और तेज बहाव के कारण डूब गईं। उनकी तलाश लगातार जारी है।
उधर, हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। दो सगी बहनों आंचल और रिया के भाई राजू ने बताया कि उनकी चचेरी बहन मोहिनी भी उनके साथ नहाने गई थी और वही भी डूब गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन द्वारा लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन देर शाम तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लग सकी थी। पूरे इलाके में इस दर्दनाक घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।







