रानीगंज (प्रतापगढ़)। रानीगंज-पट्टी मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सदर प्रतापगढ़ के पुरैनी गांव निवासी निर्मला देवी (50) पत्नी श्रीराम पाल अपने भतीजे के निधन के बाद जामताली में आयोजित अंतिम संस्कार (मिट्टी) में शामिल होने गई थीं। शनिवार तड़के करीब 5 बजे वह बाइक से अपने घर लौट रही थीं। जब उनकी बाइक रानीगंज-पट्टी मार्ग स्थित मां बाराही देवी धाम रेलवे फाटक के पास पहुंची, तभी सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर पर बाइक अचानक असंतुलित हो गई। संतुलन बिगड़ने से निर्मला देवी सड़क पर गिर गईं और उनके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों और साथ चल रहे परिजनों ने उन्हें तत्काल ट्रामा सेंटर रानीगंज पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मृत घोषित करते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में भी लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की। हादसे के कारण कुछ देर तक क्षेत्र में लोगों की भीड़ लगी रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे फाटक के पास बने ऊंचे स्पीड ब्रेकर के कारण पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। उनका कहना है कि यदि ब्रेकर मानकों के अनुरूप बनाए जाएं और वहां चेतावनी संकेत लगाए जाएं, तो इस तरह की दुर्घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है। महिला की असमय मौत से पुरैनी गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।







