Home खोजी रिपोर्टिंग वरिष्ठ अधिवक्ता पर हमला, फायरिंग का आरोप; मारपीट में हुए घायल, पुलिस...

वरिष्ठ अधिवक्ता पर हमला, फायरिंग का आरोप; मारपीट में हुए घायल, पुलिस जांच में जुटी

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब हरिहरगंज बाजार में बैठे एक वरिष्ठ अधिवक्ता पर फायरिंग और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया। घटना में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अधिवक्ता को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया। मामले को लेकर पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, सडौरा गांव निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता मुख्तार अली सुबह हरिहरगंज बाजार में बैठे हुए थे। इसी दौरान आरोप है कि बगल के गांव के रहने वाले कुछ लोग कार से वहां पहुंचे। अधिवक्ता के मुताबिक, कार सवार लोगों ने उनके ऊपर जन से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। हालांकि, गोली से वह बाल-बाल बच गए।

आरोप है कि फायरिंग के बाद कार में सवार लोग नीचे उतरे और वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुई घटना से बाजार में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में अधिवक्ता घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से चले गए।

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल अधिवक्ता को तत्काल उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा। घटना को लेकर पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाने के साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

घायल वरिष्ठ अधिवक्ता मुख्तार अली ने रानीगंज थाने में तहरीर देकर फायरिंग और मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटना में फायरिंग हुई थी या नहीं, इसके साथ ही विवाद की वास्तविक वजह और हमले में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।

सुबह-सुबह बाजार में वरिष्ठ अधिवक्ता पर हुए कथित हमले से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply