प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज तहसील क्षेत्र अंतर्गत शिवगढ़ ब्लॉक के विष्णुपुर गांव में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन करते हुए मैदान में रोमांच भर दिया। मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेलप्रेमी भी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी जाबिर अली पहुंचे। आयोजन स्थल पर पहुंचने पर आयोजकों और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। जाबिर अली ने मैदान में उतरकर प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके उत्साह को बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल प्रदर्शन को करीब से देखा और बेहतर प्रदर्शन के लिए उनका हौसला बढ़ाया।
इस दौरान खिलाड़ियों में भी खासा उत्साह नजर आया। जाबिर अली ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और टीम भावना पैदा करने का मजबूत जरिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच देता है।
उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की है। कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देकर ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत और लगन के साथ खेलते रहने की अपील की।
इस मौके पर मोहम्मद अनश भावी प्रधान पद प्रत्याशी ने कहा प्रतियोगिता के दौरान मैदान में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त जोश देखने को मिला। एक ओर खिलाड़ी अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए पूरा जोर लगाते नजर आए तो दूसरी ओर दर्शक तालियों और उत्साहवर्धन के साथ खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते रहे।यही होता है असली खेल
ग्रामीणों ने भी इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि गांव के मैदानों में जब खेल की आवाज गूंजती है, तो युवाओं के भीतर नई उम्मीद और नई मंजिल की तलाश पैदा होती है। प्रतियोगिता ने क्षेत्र के युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ ग्रामीणों को एकजुट होने का अवसर भी दिया।
विष्णुपुर में आयोजित यह कबड्डी प्रतियोगिता सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं के हौसले को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में सामने आई।







