कई वाहनों में हल्की टक्कर मारते हुए तेज रफ्तार से निकली स्कॉर्पियो, पुलिस ने ट्रक लगाकर रोका
प्रतापगढ़। रानीगंज कस्बे में सोमवार शाम करीब 8 बजे के बाद उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो कई वाहनों में हल्की टक्कर मारते हुए कस्बे से गुजरने लगी। नशे की हालत में वाहन चलाए जाने की आशंका के बीच स्कॉर्पियो की रफ्तार देखकर लोग सहम गए। कुछ लोगों ने वाहन का पीछा किया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कस्बा चौकी इंचार्ज अंकित श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ सक्रिय हुए। पावर हाउस के पास पुलिस ने गाड़ी लगाकर स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने पीछा जारी रखा और पृथ्वीगंज में राजमार्ग पर ट्रक लगाकर स्कॉर्पियो को रोक लिया।
पुलिस ने स्कॉर्पियो में सवार चालक समेत तीन लोगों को पकड़ लिया। इसके बाद तीनों को स्कॉर्पियो सहित थाने ले जाया गया।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की इस हरकत से सड़क पर चल रहे लोगों की जान जोखिम में पड़ गई। फिलहाल नशे की स्थिति, टक्कर से हुए नुकसान और पूरे मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।







