Home अपराध प्रतापगढ़ में तेज रफ्तार वाहन का कहर, 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला की...

प्रतापगढ़ में तेज रफ्तार वाहन का कहर, 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

कंधई क्षेत्र में पैदल जा रही चमेला देवी को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, अस्पताल में तोड़ा दम; चालक की तलाश में जुटी पुलिस

प्रतापगढ़। कंधई थाना क्षेत्र के सरसी खाम गांव के पास एक सड़क हादसे ने बुजुर्ग महिला की जिंदगी छीन ली। सड़क पर पैदल जा रहीं 68 वर्षीय चमेला देवी को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, सरसी खाम निवासी चमेला देवी सरसी खाम-कंधई मार्ग से गुजर रही थीं। इसी दौरान सामने से आए एक वाहन की चपेट में आने से वह सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोहंडौर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गुरुवार देर शाम मृतका के बेटे अशोक कुमार ने कंधई थाने में अज्ञात वाहन और उसके चालक के खिलाफ तहरीर दी।

थानाध्यक्ष आदित्य सिंह के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हादसे में शामिल वाहन और चालक का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Leave a Reply