Home खोजी रिपोर्टिंग राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह के तीन लाइसेंसी असलहों पर विवाद,...

राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह के तीन लाइसेंसी असलहों पर विवाद, अमिताभ ठाकुर ने उठाई SIT जांच की मांग

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

डीजीपी को पत्र लिखकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में जांच कराने की मांग; पिस्टल, बंदूक और राइफल की बरामदगी के साथ सुरक्षित जमा कराने की उठाई आवाज

प्रतापगढ़। कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह के नाम दर्ज तीन लाइसेंसी असलहों को लेकर नया विवाद सामने आया है। पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखकर एसआईटी (विशेष जांच दल) गठित करने की मांग की है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में निष्पक्ष जांच कराकर तीनों असलहों की वास्तविक स्थिति का पता लगाने और उन्हें बरामद कर सुरक्षित जमा कराने की मांग उठाई है।

यह पूरा मामला भानवी सिंह के नाम दर्ज एक एनपीबी पिस्टल, एक एसबीबीएल बंदूक और एक एनपीबी राइफल से जुड़ा है। भानवी सिंह का दावा है कि ये तीनों असलहे उनके व्यक्तिगत कब्जे में नहीं हैं, बल्कि उनके पति राजा भैया के नियंत्रण में हैं। इसी को आधार बनाकर अमिताभ ठाकुर ने असलहों की अभिरक्षा और उनके मौजूदा ठिकाने को लेकर सवाल उठाए हैं।

डीएम ने जारी किया था नोटिस

अमिताभ ठाकुर के मुताबिक, प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी ने 24 अक्टूबर 2026 को भानवी सिंह को नोटिस जारी किया था। इसमें उनके नाम दर्ज तीन लाइसेंसी असलहों में से एक असलहे को जमा कराने का प्रमाण प्रस्तुत करने को कहा गया था। इन असलहों में एक नॉन प्रोहिबिटेड बोर (एनपीबी) पिस्टल, एक सिंगल बैरल ब्रीच लोडिंग (एसबीबीएल) बंदूक और एक एनपीबी राइफल शामिल है। हालांकि, इन असलहों की वर्तमान स्थिति और वे किसकी अभिरक्षा में हैं, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।

2023 में भी प्रशासन से लगाई थी गुहार

मामले में एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि भानवी सिंह ने 18 सितंबर 2023 को प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ईमेल भेजकर तीनों असलहे बरामद कराने की मांग की थी। अमिताभ ठाकुर का कहना है कि प्रशासन को इस संबंध में जानकारी दिए जाने के बावजूद अब तक असलहों की स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि वर्ष 2023 में शिकायत किए जाने के बाद पुलिस और प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की गई।

पुलिस की भूमिका की भी जांच कराने की मांग

अमिताभ ठाकुर ने डीजीपी को भेजे पत्र में इस पूरे प्रकरण को जनसुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया है। उन्होंने वर्ष 2023 से अब तक पुलिस और प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। साथ ही यह भी पता लगाने की अपील की है कि असलहों की बरामदगी और सुरक्षित अभिरक्षा सुनिश्चित करने में कहीं कोई प्रशासनिक लापरवाही तो नहीं हुई।

उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर तीनों लाइसेंसी असलहों का पता लगाने, उनकी वर्तमान अभिरक्षा की जांच करने और उन्हें नियमानुसार सुरक्षित जमा कराने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है। इसके अलावा पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका तय कर आवश्यक कार्रवाई करने की भी मांग उठाई है।

फिलहाल इस मामले में अमिताभ ठाकुर की ओर से एसआईटी जांच की मांग किए जाने के बाद तीन लाइसेंसी असलहों की स्थिति और वर्ष 2023 से अब तक हुई प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर मामला चर्चा में आ गया है।

Leave a Reply