

प्रतापगढ़। रानीगंज क्षेत्र स्थित एस यू मेमोरियल इंटर कॉलेज, दरियापुर पावर हाउस के छात्रों ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों कक्षाओं के छात्रों ने शानदार अंक हासिल कर अपनी मेहनत का लोहा मनवाया।
इंटरमीडिएट (कक्षा 12) के परिणामों में विवेक विश्वकर्मा (पुत्र पंधारी विश्वकर्मा) ने 405 अंक प्राप्त कर 81 प्रतिशत के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं परी तिवारी (पुत्री हरिशंकर) ने 404 अंक यानी 80.8 प्रतिशत हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। रणजीत कश्यप (पुत्र राकेश कुमार) ने 400 अंक पाकर 80 प्रतिशत के साथ सफलता दर्ज की।
हाईस्कूल (कक्षा 10) के परिणाम भी बेहद उत्साहजनक रहे। सचिन शर्मा (पुत्र जयप्रकाश शर्मा) ने 512 अंक प्राप्त कर 85.33 प्रतिशत के साथ टॉप प्रदर्शन किया। राधिका यादव (पुत्री राम निहोर यादव) ने 510 अंक पाकर 85 प्रतिशत हासिल किया। वहीं अल्फिया बानो (पुत्री मोहम्मद हफीज) ने 484 अंक के साथ 80.06 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय प्रबंधन मो इरफान एवं शिक्षकों ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्य मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि यह सफलता छात्रों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने अन्य छात्रों को भी इनसे प्रेरणा लेने की अपील की।
ग्रामीण क्षेत्र में स्थित इस विद्यालय के छात्रों का यह प्रदर्शन न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है। सफलता की इस कहानी ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।






