Home अपराध पॉक्सो मामले का फरार आरोपी घोषित, पुलिस ने गांव में मुनादी कर...

पॉक्सो मामले का फरार आरोपी घोषित, पुलिस ने गांव में मुनादी कर चस्पा किया नोटिस

97
0
https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मानिकपुर थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए उसके घर पर नोटिस चस्पा कर मुनादी कराई। पुलिस ने आरोपी को जल्द न्यायालय में हाजिर होने की चेतावनी दी है।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में जिले भर में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना मानिकपुर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 133/2025 धारा 376, 506 आईपीसी व 3/4 पॉक्सो एक्ट से संबंधित वांछित आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार इस मामले में ग्राम मिरिया निवासी कलाम मोहम्मद पुत्र स्वर्गीय लाल मोहम्मद काफी समय से फरार चल रहा है। मामले की सुनवाई कर रही माननीय पॉक्सो कोर्ट ने आरोपी के खिलाफ धारा 84 बीएनएसएस के तहत घोषणा और कुर्की आदेश जारी किया है।

न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मानिकपुर थाना पुलिस आरोपी के गांव पहुंची और उसके घर सहित आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर घोषणा पत्र की प्रतियां चस्पा कीं। इसके साथ ही गांव में मुनादी कराकर लोगों को जानकारी दी गई कि आरोपी को जल्द से जल्द न्यायालय में उपस्थित होना होगा।

पुलिस ने बताया कि यदि आरोपी निर्धारित समय के भीतर न्यायालय में पेश नहीं होता है तो उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई भी की जा सकती है।

इस दौरान पुलिस टीम का नेतृत्व निरीक्षक रामवृक्ष यादव ने किया। टीम में उपनिरीक्षक उमेश सिंह, आरक्षी संदीप पटेल, आरक्षी मगन शर्मा और आरक्षी प्रवीण कुमार मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि जिले में फरार और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। न्यायालय से जारी आदेशों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Leave a Reply