प्रतापगढ़। नवाबगंज थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर द्वारा जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय और क्षेत्राधिकारी कुंडा अमरनाथ गुप्ता के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी नवाबगंज संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार के साथ क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिन्दुराईपुर पुल के पास घेराबंदी कर एक युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से एक नाजायज 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने युवक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान दिव्यांशु पटेल पुत्र कमलेश पटेल निवासी मद्दपुर भोरई का पुरवा थाना नवाबगंज जनपद प्रतापगढ़ उम्र करीब 19 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की, जिसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। बरामदगी के आधार पर थाना नवाबगंज में मुकदमा संख्या 32/2026 धारा 9/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी लवाना उपनिरीक्षक विनय वर्मा के साथ हेड कांस्टेबल जवाहर राम, कांस्टेबल उपेंद्र कुमार और कांस्टेबल प्रशांत राठी शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







