प्रतापगढ़ : अपहरण मामले में आरोपी राहुल गिरफ्तार, दिलीपपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
प्रतापगढ़ जनपद के थाना दिलीपपुर पुलिस ने अपहरण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को जगदीशगढ़ चौराहे के पास से उस समय दबोचा, जब वह क्षेत्र छोड़कर फरार होने की तैयारी में था। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार दिलीपपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती 2 मई की शाम करीब 5 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। युवती के परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद युवती के पिता ने 3 मई को थाना दिलीपपुर पहुंचकर लिखित तहरीर दी और गांव के ही पिपरी खालसा निवासी राहुल पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी बलराम सिंह ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार व क्षेत्राधिकारी पट्टी के पर्यवेक्षण में लगातार दबिश दी जा रही थी।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने जगदीशगढ़ चौराहे के पास घेराबंदी कर आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह युवती से प्रेम करता था और उसे अपने साथ लेकर चला गया था। मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने पर वह भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं युवती को भी बरामद कर उसके बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में महिला उपनिरीक्षक, महिला कांस्टेबल संगीता यादव तथा कांस्टेबल जगदीश प्रसाद की अहम भूमिका रही। दिलीपपुर पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।







