नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप
अपहरण मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
वांछित आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
प्रतापगढ़। पट्टी थाना क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी अमित कश्यप को ढकवा तिराहा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया था कि उनकी नाबालिग भतीजी को बहला-फुसलाकर घर से भगा लिया गया। मामले में कई लोगों को नामजद करते हुए थाना पट्टी में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान उपनिरीक्षक अनीस कुमार और उनकी टीम को सूचना मिली कि वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर अमित कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जा रहा है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







