2021 से फरार गोवध के दो वांछित आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे, आसपुर देवसरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
प्रतापगढ़। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना आसपुर देवसरा पुलिस ने एक बार फिर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। वर्ष 2021 से गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में फरार चल रहे दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर थाना आसपुर देवसरा पुलिस ने यह साबित कर दिया कि अपराधी चाहे जितने समय तक कानून से बचने की कोशिश करें, लेकिन पुलिस की पकड़ से बच पाना आसान नहीं है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2021 में थाना क्षेत्र के ग्राम कोपा के समीप सड़क किनारे करीब 15 बोरों में गोवंशीय मांस बरामद होने के बाद गोवध निवारण अधिनियम और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि एक संगठित गिरोह गोवंशीय पशुओं का अवैध वध कर उनका मांस दूसरे क्षेत्रों और गैर-प्रांतों में भेजने का काम करता था। इसके बाद पुलिस लगातार इस गिरोह से जुड़े फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी क्रम में थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम मल्लूपुर के पास से दो वांछित अभियुक्तों मुख्तार पुत्र दीनू तथा कल्लू उर्फ फैय्याज पुत्र स्वर्गीय हदीस उर्फ गुज्जुर, निवासी मल्लूपुर थाना सिंगरामऊ जनपद जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।
थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के आसपुर देवसरा थाने की कमान संभालने के बाद से अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान देखने को मिल रहा है। फरार और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो, अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसना हो या संगठित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई, थाना पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। हाल के दिनों में एक के बाद एक सफल पुलिस कार्रवाई ने अपराधियों में भय और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत किया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में चल रहे अभियान को थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस पहले से अधिक सक्रिय दिखाई दे रही है और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस का कहना है कि अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।







