प्रतापगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को मीराभवन स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। अखिलेश यादव का जन्म 1 जुलाई 1973 को हुआ था और इस वर्ष उन्होंने अपना 53वां जन्मदिन मनाया।
कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान सभी नेताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

समारोह में रानीगंज विधायक डॉ. आर. के. वर्मा, सदर के पूर्व विधायक नागेंद्र यादव ‘मुन्ना’, सदर के पूर्व विधायक राजकुमार पाल, जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, नगर पंचायत पृथ्वीगंज अध्यक्ष प्रतिनिधि संजय सरोज सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद समाजवादी पार्टी के नेताओं ने मेडिकल कॉलेज, प्रतापगढ़ पहुंचकर भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित किए और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सेवा और जनहित की राजनीति में विश्वास करती है तथा समाज के हर वर्ग के साथ खड़ी रहती है।

इस अवसर पर जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी ने कहा, “अखिलेश यादव केवल एक नेता नहीं बल्कि प्रदेश के युवाओं, किसानों, गरीबों और पिछड़ों की उम्मीद हैं। उनका विकासवादी और समाजवादी सोच आज भी लाखों लोगों को प्रेरित करती है। हम सभी कार्यकर्ता संकल्प लेते हैं कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर अखिलेश यादव को पुनः उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएंगे। पार्टी का हर कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करेगा और जनता के बीच जाकर समाजवादी नीतियों को पहुंचाएगा। जनता बदलाव चाहती है और आने वाला समय समाजवादी पार्टी का होगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने, जनसमस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने तथा समाजवादी पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह का माहौल रहा और कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।







