Home अपराध प्रतापगढ़ में चोरों का खेल खत्म, लालगंज पुलिस ने दो शातिर दबोचे;...

प्रतापगढ़ में चोरों का खेल खत्म, लालगंज पुलिस ने दो शातिर दबोचे; जनरेटर, समरसेबल इंजन और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया जनरेटर, समरसेबल इंजन (पम्पिंग सेट), वारदात में प्रयुक्त मैजिक डाला और चोरी के जेवरात बेचने से प्राप्त नकदी बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जबकि मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सरायजगत सिंह प्राथमिक विद्यालय के पास से दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद सद्दीक और मोहम्मद कैफ निवासी खानापट्टी तकिया, थाना लालगंज के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी का एक जनरेटर, एक समरसेबल इंजन, वारदात में प्रयुक्त मैजिक डाला तथा जेवरात बेचने से प्राप्त 3,200 रुपये नकद बरामद किए गए।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी दाऊद उर्फ अरबाज के साथ मिलकर सलेम भदारी गांव स्थित एक निर्माणाधीन मकान से जनरेटर चोरी किया था। इसके अलावा थाना लीलापुर क्षेत्र से समरसेबल इंजन भी चोरी किया गया था। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि कुछ माह पहले लालगंज क्षेत्र के पूरेवाचन लकुरी गांव में एक मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए थे, जिन्हें बेचकर आपस में रकम का बंटवारा कर लिया था। बरामद नकदी उसी हिस्से की बची हुई राशि बताई गई है।

पुलिस द्वारा बरामद जनरेटर की पहचान उसके वास्तविक मालिक ने अपने चोरी हुए जनरेटर के रूप में की है। जांच में यह भी सामने आया कि बरामद सामान विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी की घटनाओं से संबंधित है।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम की इस सफलता को चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply