Home अपराध उदयपुर पुलिस ने नकबजनी का किया खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार; चांदी...

उदयपुर पुलिस ने नकबजनी का किया खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार; चांदी की पायल, नकदी व ट्रैक्टर के पार्ट बरामद

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। उदयपुर थाना क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई चांदी की पायल, नकदी तथा ट्रैक्टर के चोरी किए गए लोहे के पार्ट बरामद किए गए हैं। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने इस वारदात के साथ-साथ अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, जिनका पुलिस सत्यापन कर रही है।

जानकारी के अनुसार, उदयपुर थाना क्षेत्र के पूरे ओरी मजरा रेहुआलालगंज निवासी एक व्यक्ति ने 23 जुलाई को अपने घर में हुई चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया था कि अज्ञात चोर घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दीप नारायण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साक्ष्य संकलन, मुखबिर की सूचना और सुरागरसी के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू सिंह उर्फ अमरेश सिंह (34 वर्ष) तथा शिवम सिंह (25 वर्ष), निवासी पूरे नेवली मजरा रेहुआलालगंज, थाना उदयपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की दो जोड़ी चांदी की पायल, छह हजार रुपये नकद तथा ट्रैक्टर के दो लोहे के पार्ट बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 22 और 23 जुलाई की रात पीछे के दरवाजे की कुंडी और कमरे का ताला तोड़कर मकान में प्रवेश किया था। इसके बाद बक्से और अलमारी में रखे आभूषण तथा नकदी चोरी कर पीछे के रास्ते से फरार हो गए। चोरी के बाद दोनों बक्से को नदी किनारे ले गए, उसमें से सामान और नकदी निकाल ली तथा खाली बक्से को नदी में फेंक दिया। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अधिकांश आभूषण पैसों की जरूरत के कारण अलग-अलग लोगों को कम कीमत पर बेच दिए थे।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने थाना सांगीपुर क्षेत्र में हुई कुछ अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस उन मामलों का सत्यापन कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

उदयपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply