प्रतापगढ़। जनपद में अपराध और नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना बाघराय पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को कुल 6 किलो 190 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बरामद गांजे के साथ प्रयुक्त चार पहिया वाहन को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय एवं क्षेत्राधिकारी सदर मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष श्रवण कुमार अपनी टीम के साथ थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक अवैध गांजा लेकर औतारपुर रामवन गमन मार्ग तिराहा की ओर जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 6 किलो 190 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों की पहचान युवराज सिंह (23 वर्ष) निवासी उमरी कोटिला, निखिल सिंह (20 वर्ष) निवासी कोर्रही तथा आलोक सिंह (20 वर्ष) निवासी कोर्रही, थाना बाघराय, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई।
बरामदगी के आधार पर थाना बाघराय में मु0अ0सं0 198/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, आरोपियों के कब्जे से बरामद चार पहिया वाहन को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार और अपराधियों के विरुद्ध “ऑपरेशन प्रहार” लगातार प्रभावी ढंग से जारी रहेगा। किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में थानाध्यक्ष श्रवण कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, मुख्य आरक्षी अभिषेक कुमार, आरक्षी सत्यप्रकाश, चालक अजीत कुमार, उपनिरीक्षक राजाराम सिंह, आरक्षी सिकन्दर मौर्य, राहुल यादव, महिला आरक्षी आँचल सिंह एवं मिली सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







