प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के हरिहरगंज बाजार में वरिष्ठ अधिवक्ता मुख्तार अली के साथ मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान थाहीपुर निवासी मेराज अहमद खान उर्फ मेराजउद्दीन और मो. आमिल उर्फ आमिर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को वरिष्ठ अधिवक्ता मुख्तार अली हरिहरगंज बाजार में चाय की दुकान के पास बैठे थे। इसी दौरान पूर्व रंजिश को लेकर नामजद आरोपी कार से मौके पर पहुंचे। आरोप है कि मेराज अहमद ने कट्टे से जान से मारने की नीयत से फायर किया। हालांकि गोली की चपेट में आने से अधिवक्ता बाल-बाल बच गए। इसके बाद हमलावरों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने अधिवक्ता को दुकान और कमरे के अंदर भी पीटा। मारपीट के दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए तथा हाथ-पैर में चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।
घटना के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए रानीगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 423/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशान्त राज के पर्यवेक्षण में गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। प्रभारी निरीक्षक रानीगंज प्रदीप कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजीव कमल पाण्डेय पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग करते हुए वांछित आरोपियों की तलाश कर रहे थे।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रानीगंज-फतनपुर हाईवे के किनारे पटरी के पास घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से मेराज अहमद खान उर्फ मेराजउद्दीन पुत्र स्वर्गीय इलियास अहमद, निवासी थाहीपुर, थाना रानीगंज, उम्र करीब 51 वर्ष और मो. आमिल उर्फ आमिर पुत्र कयास अहमद, निवासी थाहीपुर, थाना रानीगंज, उम्र करीब 22 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों की निशानदेही पर एक डंडा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों को संबंधित मुकदमे में गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार मेराज अहमद खान उर्फ मेराजउद्दीन का आपराधिक इतिहास भी रहा है। रानीगंज थाने में हत्या के प्रयास, हत्या, मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं दूसरे आरोपी मो. आमिल उर्फ आमिर के खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में इसी मामले से संबंधित मुकदमा दर्ज बताया गया है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजीव कमल पाण्डेय के साथ कांस्टेबल रामकिशन, रिजर्व कांस्टेबल अविनाश सिंह और रिजर्व कांस्टेबल विष्णु कुमार गुप्ता शामिल रहे।
वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ हुई मारपीट और कथित फायरिंग की घटना के बाद मामले ने क्षेत्र में चर्चा बढ़ा दी थी। पुलिस की इस कार्रवाई को मामले में अहम सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े तथ्यों की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।







