प्रतापगढ़। देल्हूपुर थाना पुलिस ने बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही डकैती की योजना बना रहे चार को गिरफ्तार कर सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध पिस्टल, तमंचा, दस जिंदा कारतूस समेत डकैती में इस्तेमाल होने वाले हथौड़ा, छेनी, पिलास, रस्सी और तीन काले कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी कुशफरा गांव में डकैती डालने की फिराक में एकत्र हुए थे।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में चल रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। 24 अगस्त की रात चौकी प्रभारी अमित कुमार सिन्हा पुलिस टीम के साथ मान्धाता मोड़ पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शनिदेव धाम गेट के आगे स्थित बाग में कुछ बदमाश किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं और उनके पास हथियार भी हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे, लेकिन पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए चार आरोपियों को दबोच लिया। हालांकि एक आरोपी साहिल खान निवासी पतुलकी, थाना अंतू मोटरसाइकिल से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेराज उर्फ आदिल, सैफ, सादाब और नौशाद उर्फ नुशाद के रूप में हुई। इनके पास से 32 बोर की अवैध पिस्टल और आठ कारतूस, 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा हथौड़ा, छेनी, पिलास, रस्सी और चेहरे छिपाने के लिए तीन काले कपड़े भी मिले।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कुशफरा गांव में डकैती डालने की तैयारी की बात कबूल की। पुलिस के अनुसार सैफ और मेराज के खिलाफ पहले से लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। चारों के खिलाफ देल्हूपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार साहिल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।







