अस्पताल ले जाए जा रहे बुजुर्ग की बाइक से टक्कर, दो की दर्दनाक मौत; तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र के कहला गांव में सोमवार रात करीब 9:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और दोनों परिवारों में कोहराम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कहला गांव निवासी मंजीत पटेल (47) पुत्र छोटे लाल पटेल घर के सामने चाट-टिकिया की दुकान लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। सोमवार रात लगभग 9:30 बजे के बाद वह दुकान बंद कर घर जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी गांव का एक युवक अपने बीमार बुजुर्ग विजय बहादुर यादव (60) निवासी लरहा का पुरवा बोरा, थाना रानीगंज, को बाइक से अस्पताल ले जा रहा था। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग को हार्ट अटैक की शिकायत थी और हालत गंभीर होने के कारण परिजन उन्हें जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने की कोशिश में थे।
जैसे ही बाइक कहला गांव के पास पहुंची, उसी समय सड़क पार कर रहे मंजीत पटेल से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। हादसे में बाइक पर बैठे बुजुर्ग विजय बहादुर यादव की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद अफरा-तफरी के बीच बुजुर्ग के परिजन उन्हें वहीं से घर लेकर चले गए।
वहीं गंभीर रूप से घायल मंजीत पटेल को परिजन तत्काल रानीगंज ट्रामा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंजीत पटेल की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं, जो अभी पढ़ाई कर रहे हैं। बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार की आर्थिक स्थिति को लेकर भी चिंता गहरा गई है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभात कुमार सिंह, थाना प्रभारी रानीगंज, पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और दोनों मामलों में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
थाना प्रभारी प्रभात कुमार सिंह ने बताया, “प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का है। बाइक सवार बीमार बुजुर्ग को अस्पताल ले जा रहा था, इसी दौरान सड़क पार कर रहे व्यक्ति से टक्कर हो गई। एक की मौके पर और दूसरे की अस्पताल में मृत्यु हुई है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है।”
हादसे के बाद पूरे कहला गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर पर्याप्त रोशनी और ट्रैफिक नियंत्रण के अभाव में दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं न हों।







