Home Uncategorized युवक को करंट लगने से मौत, परिजनों ने लगाया साजिशन हत्या का...

युवक को करंट लगने से मौत, परिजनों ने लगाया साजिशन हत्या का आरोप

676
0
https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

युवक को करंट लगने से मौत, परिजनों ने लगाया साजिशन हत्या का आरोप
प्रतापगढ़। हरनाहपुर (गोपालपुर) गांव में होली के दिन खुशियों का माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब एक युवक की करंट लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रियांशु यादव (22 वर्ष) पुत्र हीरालाल यादव के रूप में हुई है। घटना रानीगंज थाना क्षेत्र की है। परिजनों ने इसे दुर्घटना नहीं बल्कि साजिशन हत्या करार देते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, होली के दिन गांव में रंग-गुलाल के बीच लोग आपसी मेल-जोल के साथ त्योहार मना रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग एक महिला को कथित रूप से बिजली का करंट छुआ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह दृश्य देखकर प्रियांशु यादव ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया और महिला को बचाने के लिए आगे बढ़े।

परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान आरोपितों ने जानबूझकर प्रियांशु को भी करंट की चपेट में ले लिया। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। घटना से अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता हीरालाल यादव का कहना है कि उनका बेटा किसी विवाद में शामिल नहीं था, बल्कि वह केवल एक महिला की जान बचाने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी घटना पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा हो सकती है। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी निष्पक्ष जांच और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटनास्थल का निरीक्षण किया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

होली जैसे पर्व पर हुई इस घटना से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो। ग्रामीणों में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply