प्रतापगढ़। जिले के हथिगवां थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर क्षेत्र के हथिगवां पावरहाउस मोड़ के पास से पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार पूरेजीत चौधरी गांव निवासी सूरज सिंह उर्फ छोटू के खिलाफ एक युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। पीड़िता की शिकायत पर थाना हथिगवां में भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 और 351 (3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर जिले में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय और क्षेत्राधिकारी कुंडा अमरनाथ गुप्ता के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
महिला उपनिरीक्षक राखी सिंह, उपनिरीक्षक प्रिंस तिवारी, उपनिरीक्षक रामप्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल गंगासागर और महिला कांस्टेबल प्रियंका शुक्ला की टीम क्षेत्र में वांछित आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी हथिगवां पावरहाउस मोड़ के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज सिंह उर्फ छोटू पुत्र चंदेश बहादुर सिंह निवासी पूरेजीत चौधरी थाना हथिगवां के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर पुलिस पूरी तरह गंभीर है। ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।







