प्रतापगढ़। जिले के जेठवारा थाना क्षेत्र में रास्ते के विवाद को लेकर हुई जानलेवा मारपीट के मामले में पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को लक्ष्मीगंज बाजार के पास से दबोचा गया।
पुलिस के अनुसार यह घटना 13 सितंबर 2025 की है। उस दिन जूडापुर धनसारी गांव में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने एकजुट होकर वादी के भतीजे पर लाठी-डंडे, फावड़ा और रंभा से हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर में गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गया।
जब वादी और उसके परिजन बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना जेठवारा में कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय और क्षेत्राधिकारी सदर करिश्मा गुप्ता के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी विजयकांत सत्यार्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
उपनिरीक्षक आनंद कुमार राय और हेड कांस्टेबल शोभनाथ राम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी लक्ष्मीगंज बाजार के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक कुमार पुत्र रामफल निवासी जूडापुर धनसारी थाना जेठवारा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







