Home खोजी रिपोर्टिंग एसआई भर्ती परीक्षा पर कड़ी नजर: डीएम-एसपी की सख्त चेतावनी, नकल-गड़बड़ी पर...

एसआई भर्ती परीक्षा पर कड़ी नजर: डीएम-एसपी की सख्त चेतावनी, नकल-गड़बड़ी पर होगी त्वरित कार्रवाई

109
0
https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

 प्रतापगढ़, 10 मार्च 2026।   

उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। आगामी 14 और 15 मार्च को होने वाली परीक्षा को लेकर सोमवार को पुलिस लाइन स्थित टिन शेड सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने की।

बैठक में परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए डीएम और एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और समन्वय को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, नकल या अवैध गतिविधि को पूरी तरह रोका जा सके।

जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने कहा कि भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु तरीके से सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने भी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति नकल कराने या अव्यवस्था फैलाने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि परीक्षा केंद्र के भीतर घड़ी सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटो कॉपी की दुकानों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों पर उनके सामान रखने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) आदित्य प्रजापति, क्षेत्राधिकारी सहित परीक्षा ड्यूटी में तैनात अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए सभी केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।

Leave a Reply