प्रतापगढ़। जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना रानीगंज पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 25 किलो गांजा, एक मारुति अर्टिगा कार और 2530 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर रानीगंज थाना क्षेत्र के बीठलपुर पट्टी के पास कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने कार सवार दो लोगों को रोककर तलाशी ली, जिसमें उनके पास से 25 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित कुमार गौतम (39) पुत्र राजकुमार निवासी ग्राम अंतपुर थाना मांधाता जनपद प्रतापगढ़, हाल निवासी जेजे कॉलोनी बवाना, पूर्वी दिल्ली और मेहराज पुत्र इरशाद निवासी गोहटिया खुर्द कला थाना जैथरा जनपद एटा, हाल निवासी दल्लूपुरा थाना अशोक नगर दिल्ली के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा के गजपति जिले के मोहाना क्षेत्र से गांजा खरीदकर कार के जरिए दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई करते थे। रोहित गौतम कार चलाने का काम करता था और इसी दौरान उसकी पहचान गांजा तस्करों से हुई थी। बाद में उसने अपने साथी मेहराज के साथ मिलकर गांजा की खरीद-फरोख्त शुरू कर दी। मेहराज ने गांजा खरीदने के लिए पैसों का इंतजाम किया और दोनों 12 मार्च को उड़ीसा जाकर वहां से गांजा लेकर लौट रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक रोहित गौतम वर्ष 2023 में भी गांजा तस्करी के मामले में मैनपुरी जिले में पकड़ा जा चुका है। आरोपियों के खिलाफ थाना रानीगंज में मुकदमा संख्या 97/2026 धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आमजन से अपील की गई है कि कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।







