Home अपराध मामूली कहा-सुनी के बाद बाहरी लोगों ने युवक को पीटा, ट्रामा सेंटर...

मामूली कहा-सुनी के बाद बाहरी लोगों ने युवक को पीटा, ट्रामा सेंटर में चल रहा इलाज

121
0
oplus_136314880
https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में मामूली कहा-सुनी के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी से विवाद के बाद बाहरी लोगों को बुलाकर युवक के साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल का इलाज रानीगंज ट्रामा सेंटर में चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार रानीगंज थाना क्षेत्र के खरहर गांव निवासी राजेंद्र कुमार (32) पुत्र राजा राम का मंगलवार दिन में अपने पड़ोसी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। इसके बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए थे।

पीड़ित राजेंद्र कुमार का आरोप है कि दिन में हुए विवाद के बाद उसके पड़ोसी ने प्रतापगढ़ से अपने दामाद को बुला लिया। आरोप है कि दामाद के साथ आधा दर्जन लोग भी गांव पहुंचे। देर रात करीब 10:30 बजे आरोपित लोग राजेंद्र कुमार के घर के पास पहुंचे और उसे घेरकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान लाठी-डंडों से हमला किए जाने की बात भी सामने आ रही है।

मारपीट में राजेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने घायल युवक को उपचार के लिए तत्काल रानीगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बाहरी लोगों को बुलाकर जानबूझकर हमला कराया गया है। वहीं गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

बताया जा रहा है कि पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि मामूली विवाद को लेकर हुई यह घटना पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply