प्रतापगढ़। रानीगंज थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अवैध देशी बम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस की सतर्कता से विस्फोटक बरामद होने के बाद उन्हें सावधानीपूर्वक निष्क्रिय कराया गया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिवेंद्र कुमार यादव की सक्रियता और सूझबूझ की विशेष भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार ग्राम जामताली क्षेत्र के जरगोई नाले के पास पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस टीम को देखकर मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान संजय कुमार पुत्र स्वर्गीय राम अजोर, निवासी ग्राम जामताली, थाना रानीगंज के रूप में हुई। उसकी उम्र करीब 36 वर्ष बताई गई है।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के हैंडल में टंगे सफेद झोले से काली पन्नी में अखबारी कागज में लिपटे चार अवैध देशी बम बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक आरोपी इनके संबंध में कोई वैध लाइसेंस या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। बरामद बमों को पुलिस ने सावधानीपूर्वक निष्क्रिय कराया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिवेंद्र कुमार यादव की सतर्कता की चर्चा रही। संदिग्ध युवक की गतिविधि पर नजर रखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की, जिससे विस्फोटक सामग्री के साथ आरोपी को भागने का मौका नहीं मिला। उनकी तत्परता और टीमवर्क ने पुलिस कार्रवाई को सफल बनाया।
मामले में थाना रानीगंज में मु0अ0सं0 422/2026, धारा 4/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम-1908 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवेंद्र कुमार यादव, कांस्टेबल संतोष कुमार, रिजर्व कांस्टेबल आकाश पांडेय, विकास कुमार और नीरज कांत पाल शामिल रहे।







