प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में दिनांक 07 मई 2026 दिन गुरुवार को आयोजित हुई उत्तर प्रदेश सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में प्रतापगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से लगभग 500 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जहां विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का दम दिखाया।
चैंपियनशिप की जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में प्रतापगढ़ के मान्धाता ब्लॉक स्थित ग्राम सभा सोभीपुर के दो खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। मोहम्मद इरफान पुत्र साजिद अली ने शानदार थ्रो करते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। वहीं मोहम्मद आमिर पुत्र आबाद अली ने बेहतरीन प्रदर्शन कर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। इस प्रतियोगिता में बनारस के आदर्श यादव ने सिल्वर मेडल जीतकर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में मिली इस सफलता के बाद सोभीपुर गांव समेत पूरे प्रतापगढ़ जिले में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय लोगों, खेल प्रेमियों तथा परिजनों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। ग्रामीणों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद गांव के खिलाड़ियों ने मेहनत और लगन से प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
मोहम्मद इरफान और मोहम्मद आमिर की इस उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है। खेल प्रेमियों का मानना है कि यदि ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में प्रतापगढ़ के खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल बना हुआ है।







