Home खोजी रिपोर्टिंग प्रेस न करने पर फूटा गुस्सा: बेटे ने पेट्रोल डालकर जला दिए...

प्रेस न करने पर फूटा गुस्सा: बेटे ने पेट्रोल डालकर जला दिए मां के सामने सारे कपड़े, गांव में मचा हड़कंप

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png


प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र के लच्छीपुर इलाके से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली बात पर एक युवक का गुस्सा इस कदर बेकाबू हो गया कि उसने अपने ही कपड़ों को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और लोग स्तब्ध रह गए।


जानकारी के अनुसार, लच्छीपुर के एक गांव निवासी युवक, जो पेशे से बाइक मिस्त्री है, अपनी मां के साथ अपने ननिहाल में रहता है। बताया जा रहा है कि युवक ने अपने कपड़े धुलवाए थे और उम्मीद कर रहा था कि उसकी मां उन्हें प्रेस करके तैयार रखेगी। लेकिन जब उसने देखा कि कपड़े बिना प्रेस के ही रखे हुए हैं, तो वह गुस्से से आगबबूला हो गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक ने पहले अपनी मां से इस बात को लेकर बहस की। धीरे-धीरे यह बहस बढ़कर झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर युवक ने घर में रखे लगभग एक दर्जन कपड़ों को इकट्ठा किया और उन पर पेट्रोल छिड़क दिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने कपड़ों में आग लगा दी।
आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जलते कपड़ों से उठती लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने किसी तरह पानी डालकर आग पर काबू पाया, जिससे बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। अगर समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो यह आग घर या आसपास के अन्य मकानों तक भी फैल सकती थी।


इस घटना के बाद युवक की हरकत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग इसे युवक के गुस्सैल स्वभाव और मानसिक असंतुलन से जोड़कर देख रहे हैं। वहीं, कुछ ग्रामीणों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर इस तरह की प्रतिक्रिया बेहद खतरनाक है और इससे बड़ी घटना भी हो सकती थी।


फिलहाल इस मामले में किसी प्रकार की पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। परिजनों ने भी मामले को आपसी स्तर पर ही सुलझाने की बात कही है। हालांकि, इस घटना ने यह जरूर सोचने पर मजबूर कर दिया है कि गुस्से में लिया गया एक छोटा सा कदम किस तरह बड़े खतरे का कारण बन सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि ऐसे मामलों में नजागरूकता बढ़ाई जाए, ताकि लोग अपने गुस्से पर काबू रखना सीख सकें और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

बाद में युवक ने बातचीत में बताया कि मुझे शादी में जाना था सभी कपड़े धुला कर रखा था लेकिन घर में प्रेस करने लिए दिए थे लेकिन किए नहीं अब हम पूरा कपड़ा पहन के जा रहे शादी में तो सभी कपड़े जला दिए अब नए लेंगे

Leave a Reply