Home अपराध जेठ-जेठानी पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप, महिला ने पुलिस से लगाई...

जेठ-जेठानी पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप, महिला ने पुलिस से लगाई गुहार

Oplus_16908288
https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। पट्टी कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बेला गांव में एक महिला ने अपने जेठ और जेठानी पर मारपीट और लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बुधवार को पट्टी पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, रामपुर बेला गांव निवासी नेहा चौरसिया ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके पति रोजी-रोटी कमाने के लिए दिल्ली में रहते हैं। घर पर वह अपने डेढ़ साल के बच्चे के साथ अकेली रहती हैं। नेहा का आरोप है कि उनके पति की गैरमौजूदगी का फायदा उठाते हुए उनके जेठ और जेठानी आए दिन उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करते रहते हैं।

पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि बुधवार सुबह करीब 8 बजे उनकी जेठानी अचानक उनके कमरे में पहुंच गईं। आरोप है कि उन्होंने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और विवाद बढ़ने पर उनके बाल पकड़कर उन्हें घसीटते हुए घर से बाहर निकालने की कोशिश की। जब उन्होंने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई।

नेहा का आरोप है कि घटना के दौरान उनके जेठ भी मौके पर मौजूद थे और उन्होंने भी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए अपनी पत्नी को मारपीट के लिए उकसाया। पीड़िता के मुताबिक, उन्हें लगातार इस तरह की प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है, जिससे वह काफी परेशान हैं।

घटना के बाद पीड़िता ने पट्टी कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दी और पूरे मामले से पुलिस को अवगत कराया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं, पुलिस का कहना है कि महिला की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply