प्रतापगढ़ में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। नाबालिग किशोरी के हाथ में अवैध तमंचा देकर डीजे की धुन पर डांस कराने के मामले ने इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और अब इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार मान्धाता थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आशीष कुमार पटेल नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रयागराज जिले के मऊआइमा थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसे कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला 7 मई 2026 का है। घटना प्रतापगढ़ के अकोढ़िया गांव की बताई जा रही है, जहां प्रयागराज के भरौटी, फूलपुर क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग किशोरी को कथित रूप से अवैध तमंचा पकड़ाकर डीजे की धुन पर डांस कराया गया था। इस दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया था। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा, जिसके बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक स्तर पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया और वायरल वीडियो की जांच की गई। पुलिस ने वीडियो की तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जांच करते हुए इसमें शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला तमंचा आशीष कुमार पटेल द्वारा उपलब्ध कराया गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आरोपी को अकोढ़िया गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस के सामने कई अहम जानकारियां दीं। पुलिस के अनुसार आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद किया गया तमंचा वही हथियार है जिसका उपयोग वायरल वीडियो में किया गया था। आरोपी ने यह भी बताया कि उसने उक्त तमंचा अपनी सुरक्षा के उद्देश्य से बिहार से खरीदा था।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और जो भी व्यक्ति जांच में दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो से जुड़े पूरे प्रकरण पर पुलिस की नजर बनी हुई है।







